फुटबॉल में भारतीय टीम की नजरें एक बार फिर इतिहास रचने पर टिकी हैं। मौजूदा चैंपियन भारत बुधवार को ढाका में होने वाले सैफ चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान से भिड़ेगा। टीम इंडिया इस मुकाबले को जीतकर अपना 10वां खिताब हासिल करने के साथ लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरेगी।
भारतीय टीम ने शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भूटान को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इस जीत के साथ ब्लू टाइगर्स ने खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया। अब भारतीय खिलाड़ियों के सामने पाकिस्तान की चुनौती होगी, जो पहली बार सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा है।
भारत का रिकॉर्ड शानदार, 9 बार जीत चुका है खिताब
सैफ चैंपियनशिप के इतिहास में भारतीय फुटबॉल टीम का दबदबा रहा है। भारत अब तक रिकॉर्ड नौ बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर चुका है। टीम ने 1993, 1997, 1999, 2005, 2009, 2011, 2015, 2021 और 2023 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
अब भारतीय टीम की कोशिश लगातार तीसरी बार ट्रॉफी जीतकर अपनी बादशाहत कायम रखने की होगी। रिकॉर्ड और हालिया प्रदर्शन के आधार पर भारत को इस मुकाबले में खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
कोच नौशाद मूसा ने टीम के प्रदर्शन पर जताई खुशी
सैफ चैंपियनशिप 2026 में भारतीय टीम के मुख्य कोच नौशाद मूसा ने एक बार फिर फाइनल में पहुंचने पर संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने टीम की सफलता का श्रेय खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सामूहिक प्रयासों को दिया।
दूसरी ओर, पाकिस्तान की टीम के लिए यह मुकाबला ऐतिहासिक होगा। टीम पहली बार सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची है और उसकी कोशिश भारत को हराकर पहली बार खिताब जीतने की होगी।
फाइनल में भारत-पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद
भारत और पाकिस्तान के बीच फुटबॉल का यह खिताबी मुकाबला दोनों देशों के प्रशंसकों के लिए खास होने वाला है। भारतीय टीम जहां अपने नौ खिताबों के रिकॉर्ड को और मजबूत करना चाहेगी, वहीं पाकिस्तान की नजर पहली बार चैंपियन बनने पर होगी। अब देखना होगा कि ढाका में होने वाले इस मुकाबले में किस टीम के सिर जीत का ताज सजता है।